सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर गांव स्थित कदम चौक के पास सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 106 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक और घायल सभी राघोपुर थाना क्षेत्र के कोरिया पट्टी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
तेज रफ्तार बना हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर करीब 120 की रफ्तार से राघोपुर की ओर से महेशपुर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान बाइक चालक हाथ छोड़कर लहरिया कट मारते हुए तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था।
इसी बीच पिपरा की ओर से एक बोलेनो कार मरीज को लेकर विराटनगर की तरफ जा रही थी। अचानक तेज रफ्तार बाइक कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बम फटने जैसी आवाज हुई।
हादसा इतना जोरदार की युवक काफी दूर गिरे
हादसे के बाद बाइक पर पीछे बैठे एक युवक हवा में करीब 10 से 15 फीट उछलकर नीचे जा गिरा। उसके कान से खून की धारा बहने लगी। मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पिपरा थानाध्यक्ष दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी
टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। हालांकि प्रशासन की तत्परता और ग्रामीणों के सहयोग से यातायात को जल्द बहाल कर दिया गया।
पिपरा थानाध्यक्ष राजेश झा ने बताया कि हादसे में मृतकों की पहचान हो चुकी है और पुलिस मामले की जांच के साथ आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
