स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के बाद गरमाई सियासत,फातमी बोले– “उड़ता बिहार अब गिरता बिहार बन गया है,

राजद की सरकार बनी तो खत्म होगा अपराध-भ्रष्टाचार,युवाओं को मिलेगा रोजगार: फातमी

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

जिले के बाकरगंज के स्वर्ण व्यवसायी राहुल साह की हत्या के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं इस घटना ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद राजनीतिक दलों की सक्रियता भी तेज़ हो गई है और बयानबाज़ी का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ मोहम्मद अली अशरफ फातमी मृतक के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फातमी ने नीतीश कुमार की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा बिहार में अब अपराधियों का राज हो गया है। सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है।
फातमी ने राजधानी पटना को ‘क्राइम कैपिटल’बताते हुए कहा शराबबंदी के बाद बिहार का युवा ड्रग्स की ओर बढ़ रहा है। उड़ता बिहार’अब ‘गिरता बिहार’ बन गया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में राजद के नेतृत्व में जब नई सरकार बनेगी,तो अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी,युवाओं को रोजगार मिलेगा और मजबूरी में हो रहे पलायन पर रोक लगेगी। फातमी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसते हुए कहा,चुनाव आते ही क्यों योजनाओं की झड़ी लगाई जाती है?जनता अब समझदार हो चुकी है और सब जानती है। श्री फातमी ने कहा न्याय की मांग तेज,पुलिस पर उठ रहे सवाल पुलिस को पहले से कई बार धमकियों की जानकारी दी गई थी,लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हत्या के बाद लोगों में डर का माहौल है और व्यापारियों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है।स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है, लेकिन अब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है,जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। दरभंगा में हुई इस जघन्य हत्या ने एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। साथ ही इसने चुनावी मौसम में सियासी हलचल को भी तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन इस पर क्या ठोस कदम उठाते हैं और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिलता है। प्रेस वार्ता मे पूर्व विधायक रामनिवास प्रसाद,पूर्व विधायक डॉ. फराज फातमी,राजद पूर्व जिलाध्यक्ष रामनरेश यादव, राशि जमाल और मनोज यादव कई अन्य नेता मौजूद रहे