बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दरभंगा डीएम ने अधिकारियों संग की कड़ी समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर दरभंगा में तैयारी तेज कर दी गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में गठित कोषांगों के वरीय एवं नोडल अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में सामग्री कोषांग, पोस्टल बैलट पेपर कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग और स्वीप (SVEEP) कोषांग की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। डीएम ने साफ निर्देश दिया कि निर्वाचन एक संवेदनशील और अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और दोषी पर कार्रवाई तय है।

बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समय-सारणी, पोस्टल बैलट की प्रक्रिया, मतदान सामग्री के सुरक्षित संग्रहण और वितरण, साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान की रूपरेखा पर विशेष चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि स्वीप कोषांग जीविका दीदी और किसान सलाहकारों की मदद से मतदाताओं तक पहुंचकर अधिकतम मतदान सुनिश्चित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कोषांग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि किसी भी परिस्थिति में निर्वाचन कार्य प्रभावित न हो।

बैठक में सहायक समाहर्ता के. परीक्षित, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) अनिल कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर समेत संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।