भाजपा के ‘सेवा पखवाड़ा’ और ‘हर घर संपर्क अभियान’ पर कार्यशाला का सफल आयोजन

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

पंडित विनोदानंद झा सभागार में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा पखवाड़ा’ और ‘हर घर संपर्क अभियान’ के लिए एक महत्वपूर्ण एक-दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता दरभंगा पूर्वी भाजपा जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह ‘पप्पू सिंह’ ने किया, जो ‘सेवा पखवाड़ा’ के जिला संयोजक भी हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा एवं हर घर संपर्क अभियान’ के प्रदेश संयोजक सुशील चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
मुख्य अतिथि सुशील चौधरी जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका मजबूत संगठन है, और यह संगठन ही जनता के बीच हमारी पहुंच का आधार है। उन्होंने ‘सेवा पखवाड़ा’ के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिनमें रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान,स्वास्थ्य जांच शिविर,वृक्षारोपण, नशा मुक्ति अभियान,और प्रदर्शनी जैसे जन-कल्याणकारी कार्य शामिल हैं। उन्होंने हर कार्यकर्ता से जनसेवा और जनसंपर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘सेवा पखवाड़ा’ जनकल्याण का एक सशक्त माध्यम बन गया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इस अभियान में पूरी लगन और निष्ठा के साथ योगदान करने का आग्रह किया।जिला महामंत्री संजय सिंह ने ‘सेवा पखवाड़ा’ को समाज और संगठन को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अभियान बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और टोला-टोला जाकर जनता को पार्टी की नीतियों और योजनाओं के बारे में बताने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि “सेवा ही भाजपा की पहचान है” और यह सुनिश्चित करना हर कार्यकर्ता का संकल्प होना चाहिए कि कोई भी परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। जिला उपाध्यक्ष और ‘हर घर संपर्क अभियान’ के जिला संयोजक श्रवण चौधरी ने कहा कि सेवा और संपर्क भाजपा की कार्यशैली का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जब जनता के साथ सीधे जुड़ते हैं, तभी संगठन की जड़ें मजबूत होती हैं। कार्यशाला के समापन पर, जिला प्रभारी राजीव रंजन ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कार्यशाला के लक्ष्यों और परिणामों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर जिला महामंत्री शत्रुघ्न सहनी, उपाध्यक्ष रामनाथ सहनी, इंद्रेश झा, सुधा देवी, शिला देवी, ममता देवी, रिंकू देवी, नीरज चौधरी, निभा देवी, सरिता देवी, और अन्य कई सक्रिय कार्यकर्ता, संयोजक, मंडल अध्यक्ष और जिला पदाधिकारीगण मौजूद थे।