मधुबनी में भीड़तंत्र का कहर: युवक को घसीट-घसीट कर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल।

दस्तक 7मीडिया /मधुबनी संवाददाता 

मधुबनी जिले के खिरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत भाला बैंगरा गांव (वार्ड संख्या-15) में कानून व्यवस्था को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक युवक को ग्रामीणों ने भीड़ बनाकर न सिर्फ घसीट-घसीट कर जमीन पर पटका बल्कि लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पिटाई की। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हालांकि दस्तक 7मीडिया वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता हे।

सूत्रों के अनुसार, घटना का कारण कथित रूप से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रेम संबंध किसी युवक को इस कदर पीटने का लाइसेंस दे देता है? हैरानी की बात यह भी है कि मारपीट में कुछ महिलाएं भी शामिल दिखाई दे रही हैं।

यह घटना न केवल मानवता को कलंकित करती है बल्कि पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है। आखिर गांव में न्याय के नाम पर भीड़तंत्र का खुला खेल कब तक चलता रहेगा?

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर युवक दोषी था तो कार्रवाई का अधिकार सिर्फ पुलिस और अदालत के पास है। भीड़ का अदालत बन जाना लोकतंत्र और न्यायपालिका पर सीधा हमला है।

इस मामले में खिरहर थानाध्यक्ष शुभम कुमार से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

सबसे बड़ा सवाल:क्या समाज में भीड़ ही अदालत बन जाएगी?क्या कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई होगी या प्रशासन खामोश रहेगा?

लोग अब प्रशासन से त्वरित और कठोर कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में कोई भी इंसाफ के नाम पर गुंडागर्दी करने की हिम्मत न कर सके।