कैमूर में शराब तस्करों ने किसान को धक्का मारकर दहशत फैलाने की कोशिश की। मोहनिया प्रखंड के भरखर में सोमवार रात करीब 11 बजे की घटना है।
धीरेंद्र कुमार नाम का किसान अपने खेत के सामने सड़क किनारे बैठा था। इसी दौरान लाइट बंद करके बोरे में शराब ले जा रहे 2 तस्करों की बाइक गड्ढे में गिर गई। बाइक ने किसान को धक्का मारा और फिर नहर में पलट गई।
तस्करों के साथी ने हवा में फायरिंग शुरू कर दी
किसान ने खेत में काम कर रहे अपने भाई को आवाज लगाई। इतने में दूसरी बाइक पर तस्करों के साथी आ गए। उन्होंने हवा में फायरिंग शुरू कर दी। वे चिल्लाने लगे कि जो भी पास आएगा, उसे गोली मार देंगे। किसानों को आता देख तस्कर शराब की बोरी दूसरी बाइक पर लादकर फरार हो गए। अपनी एक बाइक वहीं छोड़ दी।
एक खोखा और नहर में गिरी बाइक बरामद
सुबह पुलिस को सूचना मिली। मौके से एक खोखा और नहर में गिरी बाइक बरामद की गई है। घायल किसान के भाई अमरेंद्र कुमार ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी है। मोहनिया पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से शराब नहीं मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बाद तस्कर नए-नए तरीके अपना रहे हैं। पुलिस की सख्ती के कारण मुख्य सड़कों की जगह अब लिंक रोड का इस्तेमाल कर रहे हैं।
