गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई, दरभंगा में डाक पार्सल वाहन से लाखों की अवैध शराब जब्त,बिरौल-गंडौल मुख्य मार्ग पर पुलिस का शिकंजा, चालक गिरफ्तार

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

दरभंगा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिरौल-गंडौल मुख्य मार्ग पर एक डाक पार्सल वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे अवैध शराब के कारोबार में लगे गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी को कुछ समय से यह सूचना मिल रही थी कि शराब माफिया डाक पार्सल वाहनों का इस्तेमाल भी अवैध शराब की तस्करी के लिए कर रहे हैं। इस गंभीर सूचना को देखते हुए, श्री तिवारी ने सभी थानाध्यक्षों को ऐसे वाहनों की गहन जांच के लिए सख्त निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में,मंगलवार को मिली एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर बिरौल-गंडौल मुख्य मार्ग पर पुलिस ने जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध डाक पार्सल वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान, WB23D9900 वाहन के अंदर छिपाकर रखी गई बंगाल निर्मित 27 कार्टून 1296 पिस 180ml भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही डाक पार्सल वाहन को जब्त कर लिया और उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा वाहन में बैठे दो लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार चालक और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है, जिससे इस अवैध कारोबार के पीछे के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।


यह कार्रवाई दिखाती है कि बिरौल में शराबबंदी को सफल बनाने के लिए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी हर नए तरीके से हो रहे अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखें हुए हैं।