लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड के चरघरिया में बने नए रेलवे स्टेशन का नामकरण विवाद का विषय बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन के लिए जमीन चरघरिया की है। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन का नाम अररिया जिले के पलासी प्रखंड स्थित कलियागंज के नाम पर रख दिया है। ग्रामीणों ने डीआरएम कटिहार पर गंभीर चूक का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का तर्क है कि जब स्टेशन की जमीन चरघरिया की है, तो इसका नाम कलियागंज रखना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया है कि डीआरएम ने यह निर्णय किस आधार पर लिया।
पूर्व मुखिया मुदस्सिर आजाद का कहना है कि स्टेशन का नाम स्थानीय भूगोल से जुड़ा होना चाहिए। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि नामकरण में हुई इस त्रुटि को तुरंत सुधारा जाए। लोगों ने कटिहार जोनल डीआरएम से इस मामले में स्पष्टीकरण की मांग की है। उनका कहना है कि यह निर्णय बिना भौगोलिक और प्रशासनिक सीमा की जानकारी के लिया गया प्रतीत होता है।
