सीवान में सोमवार की देर रात सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मलमलिया चौक के पास की है। मृतक की पहचान बसंतपुर थाना क्षेत्र के बलथरा गांव निवासी सुंदर राम के बेटे बजरंगी कुमार(20) के रूप में हुई है।
वह दो दिन बाद विदेश जाने वाला था। इसी खुशी में वह सोमवार को अपनी बुआ से मिलने गए थे। वापसी के दौरान मलमलिया पुल के समीप सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल बजरंगी को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
भगवानपुर हाट थाना प्रभारी पूजा कुमारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के आवेदन पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। परिजनों का कहना है कि बजरंगी मेहनत करने विदेश जा रहा था। घर में इसकी तैयारियां चल रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार बजरंगी पढ़ाई-लिखाई में अच्छा और स्वभाव से मिलनसार था।
