फिद्दाबाड़ी वार्ड 34 में स्थानीय लोग सुविधाओं की कमी और खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। जलजमाव के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में समस्या होती है और लोग चंदा करके सड़क को चलने लायक बनाने की कोशिश कर.

 

निगम को टैक्स देने के बाद भी फिद्दाबाड़ी में सुविधाएं नहीं शहर के बीच में है वार्ड संख्या 34 का फिद्दाबाड़ी। कहने को तो यह शहर का मोहल्ला है। लेकिन सुविधाएं यहां गांव से भी बदतर है।

 

मोहल्ले में ना सड़क है और ना ही नाला की व्यवस्था। सड़क पर गंदा पानी बहता है। सड़क पर जलजमाव के चलते घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोग चंदा करके सड़क को चलने लायक बना रहे हैं। मुख्य बाजार जाने वाली सड़क की हालत भी बदतर है। लोगों का कहना है कि नगर निगम को टैक्स देते हैं लेकिन सुविधाएं कुछ नहीं मिल रही है। निगम के अधिकारी भी समस्याओं को देखने नहीं आते हैं। शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती है। भीखनपुर गुमटी नम्बर तीन वार्ड 34 के फिद्दाबाड़ी मोहल्ले में करीब दो सौ परिवार रहते हैं।

 

अधिकांश परिवार कारोबार से जुड़े हुए हैं। कुछ परिवार मजदूरी करने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शहर के पुराने मोहल्लों में यह शामिल है। लेकिन आज भी मोहल्ले में कच्ची सड़क है। नाला नहीं रहने से लोग पानी घर के सामने जमा करते हैं और बाद में सड़क पर ही फेंक देते हैं। लोगों का कहना है कि नाला निर्माण होने से पानी निकासी की समस्या का समाधान होगा। हर घर नल का जल योजना का लाभ भी मिलना चाहिए। बच्चों की पढ़ाई के लिए सरकार को स्कूल खोलना चाहिए।

 

वार्ड 34 के पार्षद प्रतिनिधि शम्स वकी खान ने बताया कि मोहल्ले में आने-जाने के लिए सड़क नहीं है। नगर नियम में सड़क बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। बोर्ड से स्वीकृत भी हो चुका है। दो महीने बाद भी टेंडर की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। खराब सड़क पर चलने में लोग गिरकर घायल हो जाते हैं। मोहल्ले में तीन निजी शिक्षण संस्थान है। बड़ी संख्या में बच्चे इसी सड़क से स्कूल पढ़ने जाते हैं। सड़क पर जलजमाव के चलते बच्चे गिर जाते हैं। स्कूल भेजने में भी डर लगता है। एक महीना पहले जलजमाव में करंट आने से दो खस्सी की मौत हो गई थी।

 

पानी जमा होने पर लोगों को आने-जाने में डर लगता है। मोहल्ले के लोग चंदा करके सड़क को पैदल चलने लायक बनवाया है। मोहल्ले में कच्ची या पक्की नाला नहीं है। मजबूरी में लोगों को गड्ढा खोदकर घर का गंदा पानी जमा करना पड़ता है। गड्ढा भरने के बाद गंदा पानी को लोग सड़क पर या दूसरे की जमीन पर फेंक देते हैं। गंदा पानी जमा होने का बुरा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बुडको द्वारा जलापूर्ति के लिए पाइप बहुत पहले बिछाया गया। लेकिन हर घर नल का जल योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। एक प्याऊ से लोग काम चला रहे हैं। अधिक आबादी होने के चलते लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिलता है।

 

यहां के लोग नगर निगम को टैक्स देते हैं। लेकिन नगर निगम की नजर यहां की समस्याओं पर नहीं पड़ रही है। फिद्दाबाड़ी मोहल्ले में सड़क के साथ नाला का निर्माण कराना चाहिए। मो. नौशाद ने बताया कि सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। बारिश होने पर सड़क पर पानी जमा होने के चलते लोग घर से नहीं निकल पाते हैं। छोटे बच्चों को घर में संभालकर रखना पड़ता है। सड़क पर एक फीट से अधिक पानी जमा हो जाता है। उस पानी की निकासी नहीं होने के चलते काफी समय तक जलजमाव की समस्या रहती है। डब्लू ने बताया कि सड़क और नाला बनाने के लिए कई बार नगर निगम को लिखित आवेदन दिया गया। 15 दिन पहले भी शिकायत की गयी थी।

 

लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। भीखनपुर बरहपुरा के पास मुख्य सड़क के बगल में बड़ा नाला है। लेकिन ऊंचा रहने के चलते वहां मोहल्ले के नाला के पानी की निकासी नहीं हो सकती है। मोहल्ले में नाला बनाकर अगर जगतपुर पुल की तरफ पानी निकासी की व्यवस्था हो तभी लोगों को राहत मिल सकती है। नगर निगम को इंजीनियर से स्थल का निरीक्षण कराकर नाला निर्माण की योजना बनानी चाहिए। नाला नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मिन्टु ने बताया कि पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात में आने-जाने में परेशानी होती है। शौचालय भी सभी घरों में नहीं बनाया गया है।

 

मोहल्ले में एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण करवाना चाहिए। सामाजिक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कोई भवन नहीं है। एक सामुदायिक भवन मोहल्ला में होना चाहिए। मोहल्ला में सरकारी स्कूल नहीं होने के चलते छोटे बच्चों को दूर भेजने में परेशानी होती है। कम से कम मोहल्ले में एक प्राथमिक विद्यालय होना चाहिए। मो. ताज ने बताया कि एक प्याऊ से काम नहीं चल रहा है। लोगों को पानी ढोकर लाना पड़ता है।

 

मोहल्ले में कुछ जगहों पर टोटी लगा हुआ है। एक-दो बाल्टी भरने के बाद पानी बंद हो जाता है। आधा मोहल्ले में प्याऊ का पानी पहुंचता भी नहीं है। जब तक बुडको जलापूर्ति शुरू नहीं करता है तब तक एक अतिरिक्त प्याऊ की व्यवस्था होनी चाहिए। रेयाज ने बताया कि एक निजी शिक्षण संस्थान के प्रवेश द्वार पर जलजमाव रहता है। सड़क और नाला का पानी जमा हो जाता है। गंदे पानी होकर बच्चों को पढ़ने जाना पड़ता है। अभी तक एक गली में नाला का निर्माण हुआ है। लेकिन नाला इतना ऊंचा है कि उसका गंदा पानी सड़क पर बहता है।

 

मो. खलील ने बताया कि सबसे पहले नगर निगम को सड़क और नाला का निर्माण कराना चाहिए। गंदगी और जर्जर सड़क से सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को हो रही है। बोले जिम्मेदार भीखनपुर गुमटी नम्बर तीन वार्ड 34 का फिद्दाबाड़ी शहर के पुराने मोहल्लों में शामिल है। मोहल्ले के समस्याओं की जानकारी मिली है। वहां की कुछ योजनाएं पाइपालाइन में है। निगमकर्मी को मोहल्ले में भेजकर सभी समस्याओं की जानकारी ली जाएगी। सड़क और नाला का निर्माण कराया जाएगा। बुडको द्वारा मोहल्ले में जलापूर्ति के लिए पाइप बिछाया गया है। जलापूर्ति शुरू करने के लिए बुडको द्वारा तैयारी की जा रही है। जल्द ही बचे हिस्सों में जलापूर्ति शुरू की जाएगी। मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी।

 

 

डॉ. बसुंधरा लाल, मेयर, नगर निगम, भागलपुर इनकी भी सुनिए सड़क और नाला की व्यवस्था नहीं होने के कारण फिद्दाबाड़ी इलाके के लोगों को काफी समस्या होती है। बारिश होने पर हालत और बदतर हो जाती है। जलजमाव से रास्ते के गढ्ढे का पता नहीं चल पाने से लोग गिरकर घायल हो जाते हैं। -मो. ताज नाला और सड़क निर्माण के साथ पूरे इलाके की सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाय। इससे कई इलाके के लिए कनेक्टिविटी बढ़ेगी। बड़े वाहन आसानी से पहुंच सकेंगे और इमरजेंसी में एंबुलेंस, दमकल आदि की सुविधाएं मिल सकेगी।

 

 

-डब्लू फिद्दाबाड़ी एवं आसपास के इलाके में पानी की सुविधा के लिए बोरिंग कराया जाय। साल 2019 में सप्लाई वाटर के लिए मोहल्ले में पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन पानी नहीं मिलता है। लोगों को प्याऊ से काम चलाना पड़ता है। -मो. मुन्ना बिजली के सभी पोल में स्ट्रीट लाइट लगाया जाय। अंधेरा में अापराधिक गतिविधियों के बढ़ने का खतरा बना रहता है। कूड़ा उठाव के लिए कूड़ेदान और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित हो। ताकि गंदगी से छुटकारा मिल सके।

 

-मो. खालिद भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में वर्षों से रहने के बाद भी अब तक सड़क,नाला, सफाई एवं जलापूर्ति की समस्या से जूझना पड़ रहा है। चलने के लिए सड़क और पानी निकासी के लिए नाला के अभाव में जगह- जगह गंदा पानी जमा रहता है। -गजाला बेगम फिद्दाबाड़ी से मदीना कॉलोनी तक नाला और सड़क निर्माण की योजना एक वर्ष पूर्व स्वीकृत हो चुका है। करीब दो माह पूर्व इसका प्राक्कलन भी तैयार हो चुका है। लेकिन टेंडर के इंतजार में अभी तक नाला और सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।

 

-शम्स वकी खान, पार्षद प्रतिनिधि फिद्दाबाड़ी इलाके की सड़क और नाले की समस्याओं का समाधान करने के लिए नगर निगम तत्काल कदम उठाए। इससे क्षेत्र के लोगों को जलजमाव और गंदे पानी से गुजरने की समस्या से राहत मिलेगी। मोहल्ले की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। -मो. सलीम घर से निकलकर किसी भी काम के लिए निकलने पर जर्जर सड़क और नाला निर्माण नहीं होने से काफी परेशानी होती है। नगर निगम सड़क के साथ नाला निर्माण करे। ताकि लोगों को आने-जाने में राहत मिल सके। -नूरजहां सामुदायिक शौचालय और सामुदायिक भवन का निर्माण हो।

 

ताकि गरीब परिवार को खुले में शौच नहीं जाना पड़े। सड़क और नाला नहीं होने से जलजमाव हो जाता है। चंदा करके सड़क को चलने लायक बनाया जाता है। -रियाजुल हक भागलपुर स्मार्ट सिटी है। लेकिन सरकारी सुविधाओं के नाम पर यहां कुछ नहीं मिलता है। नगर निगम प्रशासन को फिद्दाबाड़ी एवं आसपास के इलाके में मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। -एम आई अहमद जर्जर सड़क के कारण बारिश होने पर रास्ते पर पानी जमा हो जाता है। जिससे बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं। कई बार स्कूल जाने के क्रम में बच्चे गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। जिससे कक्षा और पढ़ाई बाधित हो जाती है।

 

 

-मो. नौशाद फिद्दाबाड़ी और आसपास के कई इलाके में नाला निर्माण नहीं हुआ है। कच्ची सड़क पर आवागमन करने में परेशानी होती है। घर के पानी की निकासी नहीं हो पाती है। जलजमाव के कारण पोल में करंट से दो मवेशी की मौत हो चुकी है। -मो. खुर्शीद अकरम फिद्दाबाड़ी में बड़ी आबादी निवास करती है। पानी निकासी और सड़क निर्माण के साथ इलाके में सरकारी विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा सुनिश्चित हो। पुलिस असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाए। पुलिस की नियमित गश्ती होनी चाहिए। -मो. मुबारक वार्ड नंबर 34 फिद्दाबाड़ी के अब्दुल मोजीब रोड में नाला और सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। जर्जर रास्ते से चलने में लोगों को काफी परेशानी होती है। बारिश और नाला के पानी निकासी नहीं हो पाती है।

 

जिससे जलजमाव होता है। -मो. आबिद हुसैन नाला की सफाई और रखरखाव के अभाव में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है। गंदगी के चलते मोहल्ले में स्वास्थ्य संबंधी समस्या बनी रहती है। गंदगी एवं जलजमाव के कारण संक्रामक रोग होने का खतरा बढ़ गया है। -बीवी हीना क्षेत्र में सड़कों की स्थिति बहुत खराब है। आवागमन में कठिनाई होती हैं और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। जहां नाला बना है वहां पानी की निकासी नहीं होती है। इससे हमेशा गंदा पानी ओवरफ्लो होता रहता है।

 

-मिंटू आलम शिकायत 1.फिद्दाबाड़ी में नाला का निर्माण और पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी होती है। जलजमाव के कारण बच्चों के स्कूल की पढ़ाई बाधित होती है। 2.सड़क का निर्माण नहीं किए जाने के कारण इलाके के लोगों को आवागमन में काफी समस्या होती है। लोग चंदा कर सड़क चलने लायक बनाते है। 3.जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होने के कारण फिद्दाबाड़ी इलाके के कई मोहल्ले में पानी की दिक्कत होती है। प्याऊ और पड़ोसियो से पानी ढ़ोकर काम करते हैं।

 

4.फिद्दाबाड़ी में कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं है। नियमित कूड़ा का उठाव नहीं होता है। जलजमाव के कारण गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। 5.बिजली के पोल में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से अंधेरा होने पर वृद्ध, महिलाओं और बच्चों को आवागमन में असुविधा होती है। कई बार लोग गिरकर घायल हो जाते है। सुझाव 1.फिद्दाबाड़ी इलाके के सभी गलियों में नाला का निर्माण कराया जाना चाहिए। पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित होने से सहूलियत होगी। जलजमाव से राहत मिलेगी। 2.लोगों की सुविधा को देखते हुए इलाके की जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाय।

 

इससे आवागमन में होने वाली समस्या दूर होगी। वाहनों के आने जाने में सुविधा होगी। 3.जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वुडको द्वारा बिछाई गई पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू हो। ताकि पानी की समस्या दूर होगी। 4.मोहल्ले में नियमित सफाई के साथ कूड़ेदान की व्यवस्था होनी चाहिए। नियमित कूड़ा उठाव से गंदगी एवं संक्रमण की समस्या से राहत मिलेगी। 5.फिद्दाबाड़ी इलाके में बिजली के सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित हो। रोशनी में लोग सड़क पर सुरक्षित आवागमन कर सकेंगे।