सीतामढ़ी जिले के सुरसंड पुलिस ने वाहन जांच के दौरान चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि अवर निरीक्षक अभिजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मलाही गांव में वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच लोगों को रोका गया।
जब पुलिस ने कागजात दिखाने को कहा, तो आरोपियों ने वाहन के दस्तावेज नहीं दिखाए। इसके बाद वे मौके से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने खदेड़कर सभी को पकड़ लिया।
पूछताछ में पता चला कि ये सभी लोग नेपाल के शराब भट्ठियों से चोरी की मोटरसाइकिल खरीदकर भारत में शराब कारोबारियों को मोटी रकम लेकर बेच देते थे।
पुलिस ने हीरो ग्लैमर (BR06BA/9422) और हीरो सुपर स्प्लेंडर (BR06BD4397) मोटरसाइकिल जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरसंड थाना क्षेत्र के मलाही गांव निवासी इंदल महतो, 24 वर्षीय मुमताज अंसारी, 18 वर्षीय सन्नी कुमार, चिरंजीव कुमार और मितेश कुमार के रूप में हुई है।
अवर निरीक्षक अभिजीत कुमार सिंह के फर्द बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को सीतामढ़ी जेल भेज दिया गया है।
