कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के शुकुल पिपरा गांव के पास एक दुर्घटना में व्यक्ति की मौत हो गई। कार की चपेट में आने से वो गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को देखकर तुरंत डायल 112 को फोन किया।

पुलिस के आने में देरी होने पर लोगों ने घायल को अपने निजी वाहन से अनुमंडल अस्पताल मोहनिया पहुंचाया। मृतक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के पांडे पिपरा गांव निवासी स्वर्गीय झगरू पासी के बेटे लाल बहादुर(55) के रूप में हुई है।

घायल का अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर।
हायर सेंटर पहुंचने से पहले तोड़ा दम

डॉक्टर सुशील कुमार ने बताया कि मरीज के सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसका बायां हाथ और बायां पैर दोनों गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गए थे। बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

सिर-मुंह से निकल रहा था खून

पूर्व जिला पार्षद श्वेता सुमन ने बताया कि मैं निजी कार्य से सलथुआ से वापस मोहनिया आ रही थी। मैंने देखा कि एक व्यक्ति सड़क किनारे गिरा हुआ था। उसके सर और मुंह से खून बह रहा था। मैंने तुरंत डायल 112 को सूचना दी।

श्वेता सुमन ने लोगों से अपील की, अगर कहीं भी कोई दुर्घटना का शिकार हो जाए, तो उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। डरिए मत कि आप फंस जाएंगे।