सीतामढ़ी में गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। लवकुश इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में संत साहित्य, लोकसंस्कृति और युवा उत्साह का संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रबंधक श्री हौंसीला प्रसाद मिश्रा ने तुलसीदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से किया। इसके बाद लवकुश मेला समिति के अध्यक्ष श्री मुन्ना लाल पाण्डेय, विद्यालय के प्रिंसिपल, शिक्षकों और छात्रों ने दीप प्रज्वलन किया।

वक्ताओं ने तुलसीदास के जीवन और साहित्य की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में “दुख में सुमिरन सब करे, सुख में करे न कोय। जो सुख में सुमिरन करे, तो दुख काहे को होय॥” दोहे पर विशेष चर्चा हुई।

विद्यार्थियों ने रामचरितमानस का सस्वर पाठ किया और भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ‘राम राज्य’ की कल्पना को जीवंत रूप दिया गया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और आरती से हुआ। श्रद्धालु देर शाम तक भक्ति रस में डूबे रहे। यह आयोजन साहित्यिक श्रद्धांजलि के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान और समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरक अवसर बना।

इस अवसर पर लवकुश इंटर कॉलेज के प्रबंधक हौसिला प्रसाद मिश्र, अध्यक्ष रामप्यारे शुक्ला, प्रिंसिपल लालमणि मिश्रा, चंद्रकांत शुक्ला, मन्नालाल पाण्डेय, मनोज चौबे, बसन्ते गौड़, नेता तिवारी, त्रिवेणी मिश्रा, ज्ञानी मिश्र और तृप्ति तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।