किशनगंज में 1 महीने से लापता बेटे की तलाश में माता-पिता दर-दर भटक रहे हैं। माता-पिता ने लड़के के ससुरालवाले पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने ठाकुरगंज थाना में आवेदन देकर बेटे की तलाश और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

मामला ठाकुरगंज प्रखंड के आजमनगर, वार्ड-16 का है। लापता युवक की पहचान तौफीक आलम पिता नजरूल हक(63) के रूप में हुई है।

तीन साल पहले हुई थी शादी, पत्नी पर अवैध संबंध का आरोप

नजरूल हक के अनुसार, तौफीक आलम की शादी तीन साल पहले मदारी डंगा निवासी मनवरा खातून(20) से इस्लामिक रीति से हुई थी। दोनों की दो साल की बेटी भी है। लेकिन शादी के कुछ महीने बाद ही मनवरा पर अपने फुफेरे भाई और बहनोई से अवैध संबंध का आरोप लगा। तौफीक के विरोध के बाद उसे अपहरण और हत्या की धमकियां मिलने लगी थीं।

चार महीने पहले प्रेमी के साथ भागी थी पत्नी

परिवार के मुताबिक, करीब 4 महीने पहले मनवरा अपने प्रेमी रियाजुद्दीन(35) के साथ घर से भाग गई थी। हालांकि दो दिन बाद वो घर लौट आई थी। तौफीक के विरोध पर उसे फिर धमकाया गया। 25 जून को जब वह बहनोई तारीकुल(26) के साथ फिर भागने की कोशिश कर रही थी, तो तौफीक ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान तारीकुल ने तौफीक पर हमला कर घायल कर दिया और धमकी देकर भाग गया।

1 जुलाई को दावत के बहाने बुलाया था घर

1 जुलाई 2025 को थाना परिसर में समझौता हुआ। उसी रात ससुराल वालों ने तौफीक को दावत के बहाने अपने घर मदारी डंगा बुलाया। रात 10 बजे तौफीक ने अपने पिता को फोन कर कहा कि वह ससुराल में है और जल्दी आने को कहा। नजरूल ने जब ससुर रफीक आलम से संपर्क किया, तो उन्होंने अगले दिन सुबह बेटे को भेजने की बात कही। लेकिन सुबह से तौफीक का फोन बंद हो गया और वह लापता है।

तौफीक आलम और उसकी पत्नी मनवरा खातून।
ससुराल में मिली बाइक

नजरूल ने बताया कि तौफीक की बाइक (BR37AH 9294) ससुराल में खड़ी मिली है, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं है। ससुराल पक्ष का कहना है कि उन्होंने तौफीक को घर भेज दिया था।नजरूल का आरोप है कि तौफीक पर दो बीघा जमीन और पांच लाख रुपए देने का दबाव डाला जा रहा था। इसके अलावा, पत्नी पक्ष उसे तलाक देने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देता रहा।

उन्होंने आरोपितों के नाम भी दिए हैं:

रफीक आलम (59) – ससुर
अब्दुल रशीद (55) – मदारी डंगा
मनवरा खातुन (20) – पत्नी
इकरामुल हक (50) – मदारी डंगा
तारीकुल (26) – आजमनगर
रियाजुद्दीन (35) – साबुडांगी, थाना सुखानी
परिजनों का कहना है कि शिकायत दिए छह दिन बीतने के बाद भी पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने एफआईआर दर्ज कर युवक की तलाश की गुहार लगाई है। ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मकसूद आलम ने बताया कि दोनों पक्षों से FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है और सभी संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई है।

मां-पिता की गुहार- हमें हमारा बेटा लौटा दो

तौफीक की गुमशुदगी से नजरूल हक के परिवार में मातम पसरा है। मां और पिता ने प्रशासन से इंसाफ की मांग की है। बेटे को जल्द खोज निकालने की अपील की है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।