मुखिया ने पंचायत सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाया,पद से हटाने की मांग की
दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /
बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत तारालाही पंचायत की मुखिया सह बहादुरपुर मुखिया संघ की उपाध्यक्ष रूपम सिन्हा ने पंचायत सचिव कुमार शुभम पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को पत्र लिखकर पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुखिया ने बताया कि पिछले छह महीनों से पंचायत सचिव विकास कार्यों में कोई सहयोग नहीं कर रहे हैं। इससे पंचायत के जरूरी काम रुके पड़े हैं। उन्होंने कहा कि षष्टम राज्य वित्त आयोग की राशि होते हुए भी पंचायत सचिव की लापरवाही के कारण योजनाओं पर खर्च नहीं हो पा रहा है। मुखिया का आरोप है कि मजदूरों की मजदूरी के लिए जो राशि सचिव के खाते में भेजी गई थी,उसे निकालकर उन्होंने खुद रख लिया और मजदूरों को अब तक भुगतान नहीं किया गया। इससे परेशान मजदूर रोज मुखिया के पास पैसे की मांग को लेकर आते हैं। इसके अलावा पंचायत सचिव न तो फोन उठाते हैं और न ही लोगों के काम करते हैं। गांव के लोग जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे हैं,लेकिन सचिव का रवैया उदासीन बना हुआ है। मुखिया रूपम सिन्हा ने कहा कि सचिव की इस लापरवाही से उनकी राजनीतिक और व्यक्तिगत छवि को नुकसान हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि कुमार शुभम को हटाकर किसी और को पंचायत सचिव की जिम्मेदारी दी जाए,ताकि पंचायत का कामकाज ठीक से चल सके। यह पत्र जिला पंचायत राज पदाधिकारी और जिला पदाधिकारी दरभंगा को भी भेजा गया है,ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई हो सके।