सीवान:बिहार के सिवान में एनकाउंटर में शराब माफिया और पेशेवर अपराधी राहुल यादव को गोली लगी है. पुलिस ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां से डॉक्टर ने उसे पटना मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. पुलिस ने यह कार्रवाई सोमवार की सुबह में की.

पेशेवर अपराधी है राहुल यादव: घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की सुबह जीरादेई थाना क्षेत्र के खड्गी रामपुर गांव में एनकाउंटर किया गया. पुलिस के अनुसार राहुल यादव शराब माफिया के साथ-साथ पेशेवर अपराधी है. इसपर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं. कई केस में वह फरार चल रहा था।

पुलिस की फायरिंग में घायल: पुलिस और एसटीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि वह अपने घर में है. सूचना पर पुलिस छापेमारी करने के लिए गयी तो छत पर सो रहे राहुल यादव भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी. बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की. इस दौरान राहुल यादव को गोली लग गयी.

“राहुल यादव पेशेवर अपराधी है. शराब सप्लाई का भी काम करता है. उस पर कई मामले दर्ज हैं. पहले से फरार चल रहा था, उसे गिरफ्तारी करने गए थे. इसी दौरान उसने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्यवाई में उसे गोली लगी है. पटना इलाज के लिए भेजा गया है.”-गौरी कुमारी, मैरवा एसडीपीओ 2

तिहाड़ जेल में बंद था: पुलिस के अनुसार राहुल यादव मूल रूप से जीरादेई थाना क्षेत्र के खड्गी रामपुर गांव का निवासी है. इसपर पर दिल्ली के द्वारकापुरी में गोली मारकर हुई हत्या का आरोप था. इस हत्याकांड में तिहाड़ जेल में बंद था. तीन महीने पहले जमानत पर छूट कर घर आया था.

पिता को नहीं पता, क्यों हुआ एनकाउंटर?: घटना को लेकर राहुल यादव के पिता योगेंद्र यादव ने बताया कि अचानक सुबह में पुलिस पहुंची. मेरा पुत्र छत पर सोया था, जैसे ही वह निकला उसको गोली मार दी. समझ में नहीं आ रहा है कि किस मामले में पुलिस हमारे यहां आई थी.

“पुलिस किस मामले में गिरफ्तार करने पहुंची थी पता नहीं है. पुलिस ने जानबूझकर गोली मारी है. एक गोली पैर में और एक गोली हाथ में लगी है.”-धनंजय यादव, पिता

दो-दो एनकाउंटर: 24 घंटे के अंदर बिहार के दो-दो अपराधियों का एनकाउंटर किया गया. रविवार को यूपी में बेगूसराय का कुख्यात अपराधी डब्लू यादव को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया. डब्लू यादव पर बेगूसराय, मुंगेर सहित कई थानों में हत्या, लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट सहित 24 के दर्ज है. इसी ने मई 2025 में हम पार्टी के नेता की हत्या गोली मारकर की थी.