सीवान में शुक्रवार की रात सदर अस्पताल गेट के पास हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। आरोपी की पहचान हो गई है। इस मामले में 2 चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक खुलेआम रिवाल्वर लहराते और फायरिंग करते हुए नजर आ रहा है।

एक वीडियो में दिखाई दे रहा युवक कहीं शादी समारोह में बैठा है। वहीं, दूसरे वीडियो में युवक सड़क किनारे खड़ा होकर गोलियां चलाता नजर आ रहा है। इसी युवक ने एम्बुलेंस ड्राइवर प्रदीप पर गोली चलाई थी। घटना के बाद जिलेभर में दहशत का माहौल है।

वीडियो में दिखा ‘मन्दन’, पहले भी जा चुका है जेल

वायरल वीडियो में जो युवक नजर आ रहा है, उसकी पहचान भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के रामपुर कोठी निवासी तारकेश्वर राय का बेटा रोहित कुमार उर्फ मन्दन के रूप में हुई है। एसपी मनोज कुमार तिवारी ने पुष्टि कि है की मन्दन पहले भी जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

एक महीने पहले पीड़ित ने पुलिस को दी थी चेतावनी

गोलीबारी में घायल हुए एम्बुलेंस चालक प्रदीप ने बताया कि करीब एक माह पहले ही भगवानपुर हाट थाना में मन्दन के खिलाफ आवेदन दिया था, जिसमें वीडियो सबूत के साथ जान को खतरा जताया गया था। लेकिन पुलिस ने मामले को नजरअंदाज कर दिया और अब वही युवक सदर अस्पताल के पास गोली चलाकर फरार हो गया।

SP बोले- जो भी दोषी होगा, नहीं बख्शा जाएगा

पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने कहा कि ‘पूरा मामला गंभीर है। पीड़ित के परिजन ने पूर्व में दिया गया आवेदन और वीडियो भी सामने आ चुका है। जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’