कैमुर के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में गोरिया नदी में बाढ़ आने से तीन पंचायतों के 9 गांवों में स्थिति गंभीर हो गई है। चंडेश और कलानी पथ पर 2 फीट तक पानी भर गया है। हजारों एकड़ में लगी फसल जलमग्न हो गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के भाजपा विधायक अशोक सिंह ने कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने रामगढ़ और नुआंव अंचल के अधिकारियों को किसानों के नुकसान का आकलन कर मुआवजे के लिए सरकार को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया।
70 सालों से बाढ़ से जूझ रहे लोग
स्थानीय निवासी अरुण कुमार राय और सुमंत राय ने बताया कि पिछले 70 सालों से वे गोरिया नदी की बाढ़ से जूझ रहे हैं। बाढ़ से फसल नष्ट होने के कारण वे न तो बच्चों की शिक्षा का खर्च उठा पाते हैं और न ही केसीसी का कर्ज चुका पाते हैं। घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो जाता है।
भाजपा विधायक ने लोगों से की बात।
विधायक अशोक सिंह ने कहा कि एक दिन की बारिश में ही नदी में बाढ़ आ जाती है। उन्होंने इस समस्या को विधानसभा में भी उठाया है। नदी पर बड़े पुल के निर्माण और नदी की सफाई का काम जल्द शुरू होगा।
