आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने चलाए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने “मतदाता बचाओ अभियान” की शुरुआत की है। कटिहार विधानसभा क्षेत्र में शुरू हुए इस अभियान का नेतृत्व राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव समरेंद्र कुणाल ने किया।

रविवार को नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 स्थित अंबेडकर कॉलोनी में एससी समुदाय के सफाईकर्मियों के बीच जाकर राजद कार्यकर्ताओं ने जागरूकता अभियान चलाया।

बीएलओ की भूमिका पर सवाल

अभियान के दौरान समरेंद्र कुणाल ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीएलओ की भूमिका संदेह के घेरे में है। उन्होंने कहा कि ‘मतदाता पुनरीक्षण के दौरान भरवाए जा रहे फॉर्म का रिसीविंग लिया जाए या फिर फॉर्म पर बीएलओ और मतदाता का फोटो हो, ताकि गड़बड़ी की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जा सके।’

उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर राजद कार्यकर्ता प्रत्येक घर जाकर सूची का सत्यापन करेंगे।

हर मतदाता तक पहुंचे बीएलओ का मोबाइल नंबर

समरेंद्र कुणाल ने मांग की कि प्रत्येक बूथ के अंतर्गत बीएलओ का मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाए, ताकि मतदाता सीधे संपर्क कर सकें और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि राजद हर मोर्चे पर लोगों की लड़ाई लड़ रही है। खासकर गरीब, दलित, महादलित, पिछड़ा, अतिपिछड़ा और अल्पसंख्यक समाज के बीच इस अभियान को तेज किया गया है।

राजद बनाएगी हेल्पलाइन, न्यायालय जाने की भी चेतावनी

समरेंद्र कुणाल ने कहा कि अगर एक भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से कटेगा, तो राजद इसे लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि राजद जल्द ही प्रखंड स्तर पर हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी, ताकि मतदाता सहायता प्राप्त कर सकें।