भागलपुर के पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-170 के बीएलओ व शिक्षक की शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण काम के अत्यधिक दबाव के कारण उनकी जान चली गई है।
मृतक प्रमोद मंडल (46) मध्य विद्यालय मोहनपुर में पदस्थापित थे और खवासपुर गांव के निवासी थे। उनके बड़े भाई दिनेश मंडल ने बताया कि शुक्रवार सुबह प्रमोद को डीसीएलआर कार्यालय से फोन आया था, जिसमें उनके काम की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया गया था। साथ ही निलंबन की चेतावनी भी दी गई थी। इसी तनाव में प्रमोद घर लौटे और तभी अचानक उन्हें हार्ट अटैक आ गया।
भाई बोला- दिन रात काम कर रहे थे
परिजनों ने बताया कि उन्हें तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाई दिनेश मंडल ने बताया कि प्रमोद लगातार रात-दिन काम कर रहे थे।मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता कुमारी और तीन बेटा लक्षित राज, हर्ष राज और ऋषि राज को छोड़ गए हैं।
परिजनों ने मांग की है कि प्रमोद की पत्नी, जो डीएलएड प्रशिक्षित हैं, उन्हें सरकार नौकरी दें। ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, प्रमुख रश्मि कुमारी, बीईओ बलदेव ठाकुर, सीओ मनोहर कुमार समेत कई अधिकारी मृतक के घर पहुंचे।
परिजनों ने अपनी मांग अधिकारियों के सामने रखी। बीडीओ अभिमन्यु कुमार ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अंतिम संस्कार के बाद वरीय अधिकारियों से मामले की पूरी जानकारी साझा करेंगे और कार्रवाई की जाएगी।
