सीवान के मुफ्फसिल थाना अंतर्गत ओरमा गांव से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। जहां बुधवार की रात गांव में दो पक्षों के बीच जबरदस्त मारपीट हुई, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें चार लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान ओरमा गांव के शैलेन्द्र साह, कुंदन साह, शांति देवी और सिकन्दर साह के रूप में हुई हैं।
घायल सिकन्दर साह ने बताया कि उनके परिवार की ओर से गांव के एक युवक की शादी लकड़ीनबीगंज की एक लड़की से एक महीने पहले कराई थी। शादी के बाद लड़के के परिजनों को पता चला कि लड़की के अंदरूनी प्रजनन अंग ही नहीं हैं। इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद लड़के ने लड़की को पत्नी मानने से इनकार कर दिया।
पंचायत के बाद घर में घुसकर की मारपीट
जिसके बाद बात पंचायत तक पहुंची। पंचायत में दोनों पक्षों की सहमति से तय हुआ कि शादी में दिए गए सारे सामान वापस कर दिए जाएंगे, जिससे मामला शांत हो जाए। लेकिन समझौते के कुछ ही दिन बाद लड़के के परिवार वाले, गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर अचानक हमला कर दिया।
जिसमें उनके परिवार के सभी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो गांव के कुछ लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया है, जो साक्ष्य के तौर पर पुलिस को उपलब्ध कराया है। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार की हालत नाजुक बनी हुई है।
लड़के की शादी तय कराई, तब नहीं बताया- पीड़ित की मां
लड़के की मां ने बताया कि, पड़ोसी ने लड़के की शादी तय कराई गई थी, तब लड़की के निजी अंग के बारे में कुछ नहीं बताया गया था। 11 जून को धूमधाम से शादी हुई और 12 तारीख को दुल्हन घर आई। मेरे पति का देहांत हो गया है। बेटा शर्म से दो दिन तक कुछ नहीं बताया। फिर तीसरे दिन बताया कि लड़की का निजी अंग नहीं है, वो किन्नर है।
अगुवा को बुलाया गया और लड़की से बात की गई। तब लड़की ने स्वीकार किया वह किन्नर है। उसने अपने माता-पिता को शादी नहीं करने को कहा था, लेकिन जबरन पिता ने शादी कराया। जब लड़की ने स्वीकार किया, उसके बाद लड़की के मां पिता को बुलाकर लड़की को मायके भेज दिया गया। – सरस्वती देवी, लड़के की मां
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि, ओरमा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के चलते मारपीट हुई है। दर्जन भर लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
