बाढ़ पूर्व प्रशासनिक तैयारियों को लेकर सांसद गोपाल जी ठाकुर ने अधिकारियों के साथ की समीक्षात्मक बैठक।

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

अनुमंडल कार्यालय के सभाकक्ष मे दरभंगा जिला में गम्भीर जल संकट तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों के लिए दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। जिसमें जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मो.शमीम अख्तर तथा अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज के साथ अनुमंडल तथा प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारी मौजूद थें।
आपदा प्रबंधन से जुड़े इस समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री ठाकुर ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि अपने अपने विभाग से जुड़े कार्य बाढ़ से पूर्व की तैयारी समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लें। बाढ़ जैसे आपदा आने पर भी आम जनता को विशेष कठिनाइयों का सामना ना करना पड़े इसके तत्पर होकर कार्य करें।
बैठक में दरभंगा जिला में वर्तमान समय में जल संकट की गंभीर स्थिति से निदान के लिए पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता को विशेष रूप से तत्परता से कार्य करने के लिए आदेश दिया गया। सभी पंचायतों में नल जल की आपूर्ति हो इसके लिए सभी अभिकर्ताओं को विशेष दिशा निर्देश दिया गया और कहा कि जल संकट से जूझ रहे आमजनों को यथाशीघ्र राहत देना सुनिश्चित करें।। कार्यपालक अभियंता विद्युत को विशेष निर्देश दिया कि वे कृषि कार्य को लेकर आए किसानों के बिजली कनेक्शन का आवेदन को निष्पादन जल्द करें ताकि उनको समय से कृषि कार्य हेतु विद्युत कनेक्शन मिले और किसानों को सिंचाई कृषि कार्य में दिक्कत ना हो। सांसद डा ठाकुर ने वर्तमान जल संकट से निपटने के लिए सभी जल मीनार को दुरुस्त रखने जल नल योजना से चल रहे पेयजल आपूर्ति को व्यवस्थित करने ग्रामीण क्षेत्रों के सभी चापाकलो को मरम्मती करने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाने के लिए कहा गया।।
सर्पदंश का वैक्सीन सभी अस्पतालों में उपलब्ध कराने, पशु चारा की पर्याप्त व्यवस्था रखने जैसे मुद्दों के लिए निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मियों को इस बात के लिए तत्पर रहना होगा कि जल संकट की समस्या से किसी भी टोले मुहल्ले में कोई परेशानी नहीं हो। बैठक में जल संसाधन विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पथ निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यपालक अभियंता,असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी के अलावा दरभंगा भाजपा पूर्वी के अध्यक्ष विनय पासवान आदि उपस्थित थे।