11लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में 1227.27करोड़ की राशि ट्रांसफर ,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया बड़ा तोहफा।
11लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में 1227.27करोड़ की राशि ट्रांसफर ,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया बड़ा तोहफा।
11लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में 1227.27करोड़ की राशि ट्रांसफर ,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया बड़ा तोहफा।
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज रिमोट कंट्रोल के माध्यम से राज्य के 1 करोड़ 11 लाख से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1227.27 करोड़ की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की।
गौरतलब है कि जून 2025 से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत दी जाने वाली राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है,जो राज्य के वृद्धजनों,विधवा महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को सीधे उनके खातों में हर माह की 10 तारीख को प्राप्त होगी।
पटना से आयोजित राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दरभंगा जिले के सभी 18 प्रखंडों में किया गया। दरभंगा जिले में ग्राम संगठन और संकुल स्तरीय संघों के माध्यम से हजारों जीविका दीदियाँ, वृद्धजन,विधवाएँ एवं दिव्यांग पेंशनधारी बड़ी संख्या में पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम से जुड़े।
जीविका दीदियों और पेंशनधारियों के चेहरे पर गजब का उत्साह देखने को मिला,जैसे ही माननीय मुख्यमंत्री जी ने पेंशन में बढ़ोतरी की घोषणा की,दीदियों ने तालियों से स्वागत किया और भावुकता के साथ सरकार को धन्यवाद दिया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सबसे कमजोर वर्गों वृद्ध,विधवा एवं दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए हमेशा से संवेदनशील रही है।
अब पेंशन की बढ़ी हुई राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में हर महीने की 10 तारीख को भेजी जाएगी, ताकि वे अपनी जरूरतें आसानी से पूरी कर सकें और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर यह भी घोषणा की कि पेंशन प्राप्त करने वाले सभी व्यक्तियों को अब आयुष्मान कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा,ताकि अस्वस्थता की स्थिति में उन्हें सरकारी अथवा निजी अस्पतालों में नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा मिल सके।
डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी ने कहा कि जीविका द्वारा आयोजित ‘महिला संवाद’ जैसे कार्यक्रमों में सबसे अधिक अभिव्यक्त की जाने वाली अपेक्षा पेंशन वृद्धि की थी। मुख्यमंत्री जी द्वारा इस मांग को स्वीकार करना दरभंगा जिले के लिए गर्व का विषय है और पूरे जिले में इस निर्णय को लेकर खुशी और संतोष का माहौल है।
बहादुरपुर प्रखंड की जीविका दीदी पूनम देवी ने कहा कि वर्ष 2019 में पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी।
जीविका की दीदियों की सहायता से उन्होंने विधवा पेंशन के लिए आवेदन किया और उन्हें 400 रुपये प्रतिमाह मिलने लगे,लेकिन दवा,राशन और बच्चों की पढ़ाई जैसे खर्च पूरे नहीं हो पाते थे।
अब 1100 रुपये की पेंशन मिलने से उन्हें बड़ी राहत महसूस हो रही है और उन्हें लग रहा है कि सरकार सच में उनके बारे में सोच रही है।
कुशेश्वरस्थान की वृद्ध महिला जीनत खातून ने कहा कि 400 रुपये की राशि से जीवनयापन में कठिनाई होती थी,लेकिन अब 1100 रुपये की मदद से सम्मान के साथ जीवन जीना संभव होगा। उन्होंने सरकार के इस निर्णय को गरीबों के लिए अत्यंत सहायक बताया।
संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि जीविका दीदियों ने समुदाय स्तर पर पेंशन योजनाओं के प्रति महिलाओं को जागरूक करने,फॉर्म भरवाने और सही जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से हजारों महिलाएं सरकारी योजनाओं से जुड़ पाई हैं और आज सीधे इस लाभ का अनुभव कर रही हैं।
सरकार की इस पहल को केवल एक आर्थिक सहायता के रूप में नहीं,बल्कि एक व्यापक सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा कवच के रूप में देखा जा रहा है।
दरभंगा सहित बिहार के लाखों पेंशनधारियों ने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया है और इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया है।