कुशेश्वरस्थान में महागठबंधन का चक्का जाम,मतदाता सूची पुनरीक्षण पर रोक की मांग

दस्तक 7मीडिया कुशेश्वरस्थान संवाददाता / दरभंगा 

बिहार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के खिलाफ बुधवार को महागठबंधन के आह्वान पर कुशेश्वरस्थान में तीन घंटे तक चक्का जाम रहा। कार्यकर्ताओं ने सतीघाट और कुशेश्वरस्थान बाजार के मुख्य द्वार पर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सड़क को बांस-बल्ले से घेरकर यातायात को पूरी तरह रोक दिया। इस दौरान महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग,केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर तुरंत रोक लगाने की मांग की। सतीघाट हाई स्कूल चौक पर धरना का नेतृत्व राजद प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर राय और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष शंकर कुमार चौधरी ने किया। उनके साथ सीपीएम के जिला सदस्य राम अनुज यादव,रमेश सिंह,और सीपीआई के अंचल मंत्री ब्रजभूषण सिंह,राणा जवाहर सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। कुशेश्वरस्थान बाजार के मुख्य द्वार पर धरना का नेतृत्व सीपीएम जिला सदस्य ललितेश्वर पासवान और राजद नेता राज कुमार पासवान ने किया। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राम भजन यादव,राजद के शिवजी राम,झड़ी लाल सदा,कार्यकारी अध्यक्ष बब्लू यादव,जयप्रकाश नारायण पासवान,सोनू कुमार पासवान और मो. फूल हसन समेत कई महागठबंधन कार्यकर्ता शामिल रहे। धरना और चक्का जाम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा,लेकिन तीन घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह से ठप रहा।कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि अगर मतदाता सूची से गरीबों,मजदूरों,दलितों और अल्पसंख्यकों के नाम हटाने की कोशिश की गई,तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।