वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के खिलाफ दरभंगा में इंडिया गठबंधन का चक्का जाम,चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप

दस्तक 7 मीडिया ,दरभंगा 

दरभंगा के अल्लपट्टी चौक पर इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर था। प्रदर्शन का नेतृत्व राजद महानगर अध्यक्ष गंगा मंडल और कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि व जिला मीडिया प्रभारी मो.असलम ने संयुक्त रूप से किया।प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्ला लगाकर चक्का जाम किया और धरने पर बैठ गए। मौके पर गंगा मंडल ने कहा कि चुनाव आयोग केंद्र की मोदी सरकार के इशारे पर गरीब,दलित,पिछड़े और अल्पसंख्यक वोटरों का नाम वोटर लिस्ट से हटाना चाहता है। उन्होंने कहा बीजेपी हरियाणा,दिल्ली और महाराष्ट्र वाला खेल अब बिहार में करना चाहती है,लेकिन बिहार की जनता इसे सफल नहीं होने देगी।कांग्रेस प्रवक्ता मो.असलम ने कहा वोटर रिवीजन के नाम पर चुनाव आयोग पीछे के दरवाजे से एनआरसी लागू कर रही है। बिहार के करोड़ों मजदूर दूसरे राज्यों में काम करते हैं,क्या उनका नाम काट दिया जाएगा?”
उन्होंने यह भी मांग की कि चुनाव आयोग आधार कार्ड और राशन कार्ड को भी मान्यता दे,क्योंकि अधिकतर लोगों के पास इन्हीं दस्तावेजों के अलावा कोई और प्रमाण नहीं है।
राजद के वरिष्ठ नेता गंगा राम गोप ने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष रूप से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन में विमलेश यादव,अमित कुमार,ललित मंडल,राकेश मंडल,अभिषेक झा,कांग्रेस से मनोरंजन झा,सुभाष यादव,अब्दुर रशीद,मिश्री पासवान समेत कई कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा,लेकिन लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अगर गरीबों और मजदूरों के वोट के अधिकार पर हमला हुआ,तो वे चुप नहीं बैठेंगे।