बाबा कुशेश्वरनाथ न्यास समिति की बैठक में श्रावणी मेला की तैयारियों पर विशेष जोर, कविता कुमारी कोषाध्यक्ष चुनी गईं।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल अनुमंडल कार्यालय में श्री श्री 108 बाबा कुशेश्वरनाथ धार्मिक न्यास समिति की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। न्यास समिति के अध्यक्ष सह एसडीओ शशांक राज, की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में श्रावणी मेला की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक का एक अहम फैसला न्यास समिति की सदस्य कविता कुमारी को सर्वसम्मति से कोषाध्यक्ष चुनना रहा। यह नियुक्ति समिति के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता और दक्षता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आगामी श्रावणी मेला को लेकर श्रद्धालुओं को हर संभव बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। न्यास समिति के सदस्य मणिकांत झा ने इस अवसर पर बताया कि मिथिला के देवघर में श्रावणी मेला के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु जलार्पण के लिए आते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि न्यास समिति श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी में जुट गई है।
बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें 13 जुलाई 2025 को शाम छह बजे श्रावणी मेला का उद्घाटन और पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला प्रमुख है। ये कदम सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और भीड़ प्रबंधन में सहायक होंगे।
मणिकांत झा ने श्रद्धालुओं के हित में कई अहम प्रस्ताव रखे, जिनमें शिवगंगा घाट पर प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाली गंगा महाआरती के लिए अपना साउंड सिस्टम की व्यवस्था करने, मंदिर परिसर में सुझाव बॉक्स लगाने और नरदाना की सफाई सप्ताह में एक बार तथा बाबा के गर्भ गृह की सफाई महीने में एक बार निश्चित रूप से करने का आग्रह शामिल था।
इस अवसर पर न्यास समिति के उपाध्यक्ष सह एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी,न्यास सचिव गोपाल नारायण चौधरी, रविंद्र कुमार चौधरी, शंकर चौपाल, कविता कुमारी, विमल चंद्र खां के अलावा अनुमंडल कार्यालय के नाजिर मो.शहबाज आदि उपस्थित थे।