’स्वतंत्रता दिवस पर बिहार के 21 पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत

दो-दो को पीएमजी व पीपीएम तथा 17 को मिलेगा पीएम अवार्ड

दरभंगा। संजय कुमार राय ,अपराध ब्यूरो 

इस बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2023 को बिहार के कुल 21 पुलिस कर्मियों को पुलिस वीरता पदक ( पीएमजी), राष्ट्रपति पुलिस पदक ( पीपीएम) तथा पुलिस पदक ( पीएम) प्रदान किया जाएगा। पदक पाने वालों में सिपाही से लेकर पुलिस अधीक्षक व महानिदेशक स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं। पुरस्कार के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के नामों की घोषणा से विभाग में खुशी का माहौल है। मालूम हो कि इस बार वीरता के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक यानी पीपीएमजी के लिए अपने सूबे से किसी पुलिसकर्मियों का चयन नही हो पाया। बता दें कि प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस एवम स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वीरता व अन्य विशिष्ट कार्यो के लिए पुलिसकर्मियों को विभिन्न तरह के मेडल से पुरस्कृत किया जाता है।
रक्षा मंत्रालय से जारी सूचना के मुताबिक इस बार स्वतंत्रता दिवस पर वीरता के लिए पुलिस मेडल यानी पीएमजी पाने वालों में आईपीएस अधिकारी सुशील कुमार एवं एसआई अनिरुद्ध कुमार शामिल हैं। यह पदक खासकर जीवन व सम्पत्ति की रक्षा करने या फिर अपराध नियंत्रण व अपराधियों की बड़ी गिरफ्तारी के लिए प्रदान किया जाता है। इसी तरह कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण यानी विशिष्ट सेवा के लिए डीजी ट्रेनिंग, पटना की आइपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा व डीजी , बीएसएपी, पटना के आईपीएस अधिकारी ए0के0 अम्बेडकर को राष्ट्रपति पुलिस पदक यानी पीपीएम के लिए चयन किया गया है। वहीं असामान्य रूप से उच्च गुणवत्ता व पहल के कारण महत्वपूर्ण उपलब्धि के आधार पर मेधावी सेवा के लिए 17 पुलिसकर्मियों को पुलिस मेडल यानी पीएम प्रदान किया जाएगा जिसमें एसपी मधेपुरा राजेश कुमार, रेल एसपी कटिहार संजय भारती, एसडीपीओ  सोनपुर अंजनी कुमार, एसडीपीओ सदर छपरा सन्तोष कुमार, एएसपी पटना अजय कुमार, एसडीपीओ सदर समस्तीपुर संजय कुमार पांडे, एसटीएफ पटना के पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मेधावी, सीआईडी के एएसआई विन्नु रजक, एसएसपी पटना कार्यालय के एसआई गुलाम मुस्तफा, सीआईडी पटना के एसआई इस्तखर खां, डुमरांव बक्सर के हवलदार अंगद सिंह यादव, सीआईडी पटना के एएसआई राहुल कुमार, सीआईडी पटना के प्रोहिविशन यूनिट के एएसआई इंद्र कमल झा, एसटीएफ़ पटना के हवलदार विजय कुमार सिंह, नालन्दा के सिपाही अमरेंद्र कुमार मिश्र, पटना सीआईडी के सिपाही राहुल कुमार एवं मुंगेर पुलिस बल के सिपाही शम्भू कुमार शामिल हैं।