आंदर थाना पुलिस ने लूट के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घटना 26 मई 2025 की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आंदर थाना कांड संख्या 134/25 के मुख्य आरोपी विनय सिंह पिता जितेंद्र सिंह अपने घर पर मौजूद है।

 

सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और पूछताछ शुरू की। पूछताछ में विनय ने खुलासा किया कि उसने घटना में प्रयुक्त हथियार मिखपुर रोड के पास झाड़ियों में छिपा रखा है। जब पुलिस उसे हथियार बरामद करने ले जा रही थी, तभी उसने मौके पर तैनात गृह रक्षक को धक्का देकर भागने की कोशिश की और हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विनय के हाथ और पैर में गोली लगी। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज हेतु पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया।

 

 

विनय की निशानदेही पर पुलिस ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में शहबाज खान पिता नसीम खान के घर पर छापेमारी की। वहां से पुलिस ने एक अवैध देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, लूटी गई मोटरसाइकिल के पुर्जे, एक काले रंग का रेडमी मोबाइल, चाबी का गुच्छा और तीन डिब्बों वाला टिफिन बरामद किया। शहबाज को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों से थाने में गहन पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विनय सिंह का आपराधिक इतिहास लंबा है।

 

उस पर आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी से जुड़े कुल 11 मामले दर्ज हैं। ये मामले आंदर, रघुनाथपुर, हुसैनगंज, जीरादेई और असांव थानों में विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री और हथियारों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस की इस तत्परता और साहसिक कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता मानी जा रही है।