बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को किशनगंज जिले के दौला पंचायत के समदा में मनरेगा जल जीवन हरियाली योजना के तहत निर्मित पार्क और खेल मैदान का उद्घाटन किया। इस परियोजना पर कुल 36 लाख 80 हजार रुपए की लागत आई, जिसमें 27 लाख रुपए की लागत से पार्क और 9 लाख 80 हजार रुपए की लागत से खेल मैदान का निर्माण हुआ। उद्घाटन समारोह में स्थानीय लोग, पंचायत प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

‘ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता’

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, ‘मनरेगा और जल जीवन हरियाली योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है। यह पार्क न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय लोगों को मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर स्थान भी प्रदान करेगा। वहीं, खेल मैदान युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करेगा और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद करेगा।’

पार्क और खेल मैदान का उद्घाटन करते ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार
बैडमिंटन कोर्ट में मंत्री ने बच्चों के साथ खेला

उद्घाटन के बाद मंत्री ने खेल मैदान में बने बैडमिंटन कोर्ट में बच्चों के साथ कॉर्क उछालकर खेल का आनंद लिया। इसके बाद उन्होंने बास्केटबॉल कोर्ट में बास्केटबॉल भी खेला, जिसे देखकर वहां मौजूद बच्चों और युवाओं में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनकी खेल प्रतिभा को सराहा।

 

पंचायत के मुखिया अक्लकुल ने बताया कि पार्क में बच्चों के लिए झूले, हरियाली और बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि खेल मैदान में बैडमिंटन और बास्केटबॉल जैसे खेलों की सुविधा उपलब्ध है। यह परियोजना ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। स्थानीय प्रशासन ने भविष्य में ऐसी और योजनाओं को लागू करने का आश्वासन दिया है।