सीवान दौरे पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर:मुख्यमंत्री नीतीश की सेहत पर दिया बयान, विपक्ष पर बोला हमला।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर आज दो दिवसीय दौरे पर सीवान पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कृषि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की खेती में व्यापक बदलाव आया है। इससे किसानों की आय बढ़ी है।’
विपक्ष पर साधा निशाना
विधानसभा चुनावों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए रामनाथ ठाकुर ने कहा कि, ‘विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत को लेकर अनावश्यक बयानबाजी कर रहे हैं।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि, ‘मुख्यमंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं। वे प्रतिदिन राज्य के विकास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।’
मीडिया को संबोधित करते केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर
बीजेपी मंत्री की विवादित टिप्पणी पर दिया बयान
वहीं, महिला सैन्य अधिकारी सूफिया कुरैशी पर बीजेपी मंत्री की विवादित टिप्पणी के सवाल पर ठाकुर ने कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। उन्होंने कहा कि जब सर्वोच्च न्यायालय इस पर संज्ञान ले रहा है, तो किसी राजनीतिक दल को इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
‘सबको पता है 2005 से पहले की स्थिति’
बिहार में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर उन्होंने कहा कि 2005 से पहले की स्थिति सबको पता है। आज अपराधियों और भ्रष्ट सरकारी सेवकों पर कार्रवाई हो रही है। पत्रकारों द्वारा बढ़ते अपराध के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब कार्रवाई हो रही है।
