बिहार के 8 से ज्यादा जिलों में बुधवार सुबह तेज बारिश बारिश हुई। बेतिया, बगहा, मोतिहारी, रक्सौल और दरभंगा में सुबह-सुबह काले बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। स्थिति ये बन गई कि लोगों को सड़कों पर गाड़ियों की लाइट जलाकर चलना पड़ा।

मधुबनी, औरंगाबाद, दरभंगा अररिया में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई है। बारिश के बाद इन जिलों में लोगों की गर्मी से राहत मिली। वहीं, पटना के कुछ इलाकों में भी बूंदाबांदी हुई। पूर्णिया और अररिया में आकाशीय बिजली से 2 लोगों की मौत हो गई।

मौसम विज्ञान केंद्र ने शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल जिला के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार में भारी बारिश की संभावना जताई है। यहां आकाशीय बिजली भी गिरने की चेतावनी है। 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों में हो रही बारिश का असर बिहार में भी दिख रहा है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बेतिया में दिन में अंधेरे की वजह से गाड़ियों की लाइट जलानी पड़ी।

बेतिया में सुबह-सुबह तेज बारिश हुई है।
बगहा में सुबह आसमान में छाए काले बादलों की वजह से अंधेरा छा गया।
17 जिलों में ऑरेंज, 20 में यलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने आज राज्य के 17 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पटना समेत 20 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में आंधी चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा रह सकती है। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री कमी आएगी।

बुधवार को पूर्णिया में एक महिला और अररिया में 11 साल के एक बच्चे की मौत हो गई है। मंगलवार की रात सुपौल, अररिया और रक्सौल में तेज बारिश हुई। सुपौल में आकाशीय बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। पिछले दो दिनों में आकाशीय बिजली से अबतक 9 मौतें हो चुकी हैं।

इससे पहले आकाशीय बिजली से अररिया में 2 लोगों की जान चली गई थी। वहीं मधेपुरा में 3 लोगों की मौत हो गई। एक महिला की आंधी के दौरान पेड़ गिरने से मौत हुई थी।

पिछले 24 घंटे में मौसम का हाल

अररिया में भारी बारिश के बाद घुटने तक भरा पानी

पिछले 24 घंटे के दौरान अररिया में लगातार मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई मोहल्ले में सड़क और नाले का पानी लोगों के घरों में घुस गया है। रक्सौल में भी हल्की बारिश हुई है।

सुपौल में तेज बारिश के साथ आंधी भी चली। कई जगह पेड़ गिर गए। आकाशीय बिजली भी गिरी। इसमें 2 लोगों की मौत हुई है ।

 

बारिश से अररिया के मारवाड़ी पट्टी बस स्टैंड, आश्रम मोहल्ले, SDPO ऑफिस के पास पानी भर गया ।

अररिया के आश्रम मोहल्ले में लोगों के घरों में पानी घुस गया।

सुपौल में मंगलवार सुबह आई आंधी-बारिश में कई पेड़ गिर गए।
41 डिग्री के साथ रोहतास सबसे गर्म रहा

बीते 24 घंटे में 41 डिग्री तापमान के साथ रोहतास सबसे गर्म रहा। जबकि गया का तापमान 39.8 डिग्री रहा। वहीं, पटना का तापमान 36.7 डिग्री रहा। यहां सुबह बादल छाए थे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकल गई। इससे लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके अलावा

22 मई: सुपौल, अररिया, मधेपुरा, सहरसा और किशनगंज में हल्की बारिश की चेतावनी दी है और इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
23 मई: भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर खगड़िया में बारिश होने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने सतर्क रहने की अपील की

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और पूर्वी बिहार के ऊपर साइक्लोन एक्टिव है, इसका असर कम से कम अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में दिखाई देगा।

विभाग ने अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों से दूर रहें। किसान और मजदूर वर्ग सावधानी बरतें, विशेषकर खुले खेतों में न जाएं।

इसके साथ ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग ने कहा है कि लगातार अपडेट के लिए विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर नजर बनाए रखें।

किसानों और नागरिकों के लिए जरूरी हिदायत

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों में काम करते समय सावधानी बरतें और मौसम की चेतावनियों का पालन करें। बिजली चमकने की स्थिति में मोबाइल फोन, ट्रैक्टर, पंपसेट जैसी धातु की चीजों से दूरी बनाए रखें।

साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

1 जून की जगह 27 मई को केरल पहुंचेगा मानसून

मानसून देश में इस बार तय समय से 4 दिन पहले पहुंच सकता है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 मई को केरल तट से टकराएगा। आमतौर पर यह 1 जून को केरल पहुंचता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगर मानसून 27 मई को आता है तो यह 16 साल में पहली बार होगा जब यह इतनी जल्दी दस्तक देगा। 2009 में 23 मई को और 2024 में 30 मई को मानसून ने केरल में दस्तक दी थी। इसके अलावा 2018 में 29 मई को मानसून आया था।

IMD ने बताया कि 1 जून को केरल पहुंचने के बाद मानसून 8 जुलाई तक अन्य राज्यों को कवर करता है। 17 सितंबर के आसपास राजस्थान के रास्ते वापसी शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरा हो जाता है।

 

MP-राजस्थान के 56 जिलों में बारिश, 18 में हीटवेव:​​​​बिहार-झारखंड में बिजली गिरने से 5 की मौत; 4 दिन में केरल पहुंच सकता है मानसून

मौसम विभाग ने बुधवार को देश के 24 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसमें कर्नाटक, केरल, गुजरात, गोवा में भारी बारिश की चेतावनी है। मंगलवार को भी इन राज्यों में तेज बारिश हुई थी। राजस्थान में अलवर, भरतपुर समेत 16 जिलों में बारिश और 10 जिलों में हीटवेव चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश के 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं ग्वालियर-चंबल सहित 8 जिलों में लू चलने के आसार है।