सीवान में सड़क पार करते समय बाइक ने महिला को टक्कर मार दी। घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान कुटुरपुर गांव निवासी विजय राउत की पत्नी संगीता देवी(50) के रूप में हुई है।

संगीता खोरीपाकड़ गांव से बाजार करके लौट रही थी। उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।

बाइक सवार की तलाश जारी

दारोगा रत्नेश कुमार ने बताया कि लोगों ने बाइक का नंबर पुलिस को दे दिया है। पुलिस बाइक सवार की तलाश कर रही है। मृतका के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

स्थानीय निवासी विजय राम ने बताया कि मृतका एक ईमानदार और मेहनती महिला थीं। स्थानीय लोग बाइक सवार की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।