बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना फेज-3 (ए) योजना पूर्ण होने से दरभंगा, समस्तीपुर और खगड़िया जिलों में बाढ़ के प्रभावों में आएगी कमी।

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा 

बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना के फेज-3 (ए) के तहत बागमती दायां तटबंध के विभिन्न खंडों का उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। योजना के अंतर्गत हायाघाट–कराचीन तटबंध (किमी 123.52 से 165.42), कराचीन–बदलाघाट तटबंध (किमी 0.00 से 47.50) एवं बदलाघाट–नगरपाड़ा तटबंध (किमी 0.00 से 18.00) के क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है। इस योजना की प्रशासनिक स्वीकृति ₹943.57 करोड़ है और इसका उद्देश्य बागमती के तटवर्ती क्षेत्रों को बारहमासी बाढ़ से स्थायी राहत प्रदान करना है।

कार्य की भौतिक प्रगति 90 प्रतिशत के पार पहुँच चुकी है, और यह योजना पूर्ण होने की ओर अग्रसर है। इसके पूरा होने से दरभंगा, समस्तीपुर और खगड़िया जैसे संवेदनशील जिलों में बाढ़ की आवृत्ति एवं उसके प्रभावों में उल्लेखनीय कमी आएगी। यह परियोजना न केवल ग्रामीण आबादी को संरक्षित करेगी, बल्कि कृषि उत्पादकता एवं क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी स्थायित्व प्रदान करेगी।