ग्रामीणों ने चैनपुर पुलिस की प्रशंसा कर कहा कि इस प्रकार की तत्परता विरले ही देखने को मिलती है। स्थानीय निवासी रामलखन यादव ने कहा कि पुलिस ने जो किया, वो वास्तव में सराहनीय है। अगर थोड़ी भी देर होती, तो शायद हम राजू को खो देते।
पुलिस ने बचाई आत्महत्या कर रहे युवक की जान।
सीवान के चैनपुर थाना क्षेत्र के बावंडीह गांव में सोमवार को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक 22 वर्षीय युवक की जान बच गई। आत्महत्या की कोशिश कर रहे युवक राजू खरवार को पुलिस ने समय रहते पंखे से लटकते हुए उतार लिया और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में पुलिस की सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दिखाई फुर्ती घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थानाध्यक्ष गौरव सिन्हा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और परिजन और ग्रामीण मदद के लिए चिल्ला रहे थे। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने देर किए बिना खिड़की और दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। राजू खरवार पंखे से लटककर आत्महत्या की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर उसे नीचे उतारा।
अस्पताल पहुंचाने में नहीं की देरी युवक को तत्काल बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने पानी के छींटे मारकर उसे होश में लाने की कोशिश की और फिर परिजनों की मदद से सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि अगर युवक को कुछ देर बाद लाया गया होता, तो उसकी जान बचाना मुश्किल हो सकता था।
फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है। ग्रामीणों ने जताया आभार घटना के बाद ग्रामीणों ने चैनपुर पुलिस की प्रशंसा कर कहा कि इस प्रकार की तत्परता विरले ही देखने को मिलती है। स्थानीय निवासी रामलखन यादव ने कहा कि पुलिस ने जो किया, वो वास्तव में सराहनीय है। अगर थोड़ी भी देर होती, तो शायद हम राजू को खो देते। अन्य ग्रामीणों ने भी थानाध्यक्ष गौरव सिन्हा और उनकी टीम की कर्तव्यनिष्ठा की खुले दिल से तारीफ की।
कारणों की हो रही जांच पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि राजू ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और उसके मानसिक हालात व पारिवारिक स्थिति को समझने का प्रयास किया जा रहा है। थानाध्यक्ष गौरव सिन्हा ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
