खगड़िया के परबत्ता थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गोली मारकर किसान की हत्या कर दी। घटना के विरोध में परिजनों ने बीच रोड पर शव रखकर रहीमपुर मोड़ के पास अगुवानी-महेशखूंट मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना जानकीचक दियारा की है।
मृतक की पहचान बाबूलाल यादव के तौर पर हुई है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात को वासा पर सो रहे थे। इस दौरान अज्ञात अपराधी पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। 5 से 6 गोली मारी, जिससे घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। काफी शांत स्वभाव के थे। खेती-बाड़ी करके परिवार चलाते थे। रंगदारी नहीं देने के कारण अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। कुछ दिनों से इलाके में आपराधिक गतिविधियां बढ़ गई है, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
परिजन बोले- बाबूलाल यादव की किसी से दुश्मनी नहीं थी।
अधिकारियों को बुलाने की मांग
जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित लोगों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई सड़क से हटने को तैयार नहीं था। मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े हैं।
बीच सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
