मधेपुरा शहर के वार्ड संख्या एक स्थित ओम भवन में रविवार की रात एक डॉक्टर के घर भीषण चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

पीड़ित डॉ. प्रियरंजन भास्कर ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव लक्ष्मीपुर एक शादी समारोह में गए हुए थे। घर की देखरेख की जिम्मेदारी पहरेदार नरेश यादव पर थी। सोमवार सुबह नरेश यादव ने फोन कर चोरी की सूचना दी, जिसके बाद वे तत्काल मधेपुरा पहुंचे।

उन्होंने बताया कि चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और गोदरेज को तोड़कर करीब 9.50 लाख रुपए नकद और लगभग 30 लाख रुपए मूल्य के गहने चोरी कर लिए। घटना के बाद थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

वहीं पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक कार गेट के पास रुकती दिख रही है, हालांकि फुटेज में वाहन का केवल आंशिक हिस्सा ही नजर आ रहा है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

घर में ताला लगाकर भोज खाने गए थे

पहरेदार नरेश यादव ने बताया कि रात करीब 11.30 बजे वह मालिक को बिना सूचना दिए घर में ताला लगाकर अपने गांव भोज खाने के लिए चले गए थे। सुबह में जब यहां पहुंचे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ है।

पीड़ित डॉक्टर के पिता प्रो. अमोल राय ने कहा कि चोरों ने घर में रखा सारा कीमती सामान चोरी कर लिया। तीनों गोदरेज का ताला तोड़ कर सारा आभूषण निकाल लिया। एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि पुलिस टीम पूरी सक्रियता से जांच में जुटी हुई है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।