कटिहार के मनिहारी थाना क्षेत्र स्थित नारायणपुर पंचायत में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 10 निवासी मुकेश यादव(35) के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके ही चचेरे भाइयों गुड्डू यादव और सुपो यादव पर है।

परिजनों के अनुसार, जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका था और मुकेश ने हाल ही में अपने हिस्से की जमीन पर खूंटा लगाया था। इसी बात को लेकर पुराना विवाद फिर उभर आया।

घर के बाहर बैठे मुकेश को मारी गोली

घटना गुरुवार अहले सुबह उस वक्त हुई जब मुकेश यादव अपने घर के दरवाजे पर बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी गुड्डू और सुपो यादव वहां पहुंचे और मुकेश को बहुत पास से चेहरे पर, नाक के ऊपर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गिर पड़ा। परिजन तत्काल उसे मनिहारी अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तनावपूर्ण माहौल, पुलिस कर रही छापेमारी

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मनिहारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।