करनाल के जैणी हेड नहर में एक युवक का शव मिला है। मृतक खाकी रंग की शर्ट पहने हुए था और औंधे मुंह काई फंसा हुआ था। सूचना मिलते ही जुंडला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलवाया गया। शव कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह से सड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सोमवार की सुबह राममेहर, सुभाष व सचिन सैर के लिए नहर के किनारे पहुंचा था। तभी उसकी नजर नहर में बह लाश पर पड़ी, जो औंधे मुंह काई के बीच फंसी हुई थी। ग्रामीण ने तुरंत इसकी सूचना जुंडला चौकी पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने के बाद गोताखोर को बुलाया गया।
शव को कब्जे में लेकर जाती पुलिस।
गोताखोर ने शव बाहर निकाला
गोताखोर ने बताया कि उन्हें जुंडला चौकी इंचार्ज विनोद द्वारा कॉल कर बुलाया गया था कि नहर में एक शव मिला है। गोताखोर ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मौके पर ही शव वाहन को भी बुला लिया गया था ताकि शव को सुरक्षित तरीके से मोर्चरी भेजा जा सके।
चेहरे की हालत पहचान के लायक नहीं
पुलिस जांच में सामने आया कि शव करीब आठ से दस दिन पुराना है। एसआई विनोद कुमार ने बताया कि शव पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच लग रही है। शव के चेहरे की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है। मृतक ने खाकी रंग की सफारी सूट जैसी शर्ट पहन रखी थी और उसके आगे के कुछ बाल उड़ चुके थे।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
मोर्चरी में 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा शव
पुलिस ने शव को करनाल के मोर्चरी हाउस भिजवा दिया है। शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा ताकि पहचान के लिए परिवारजन सामने आ सकें। पुलिस अब आसपास के इलाकों से गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है ताकि शव की पहचान की जा सके और आगे की कार्रवाई पूरी हो सके।
