किशनगंज रेलवे स्टेशन पर बाल तस्करी का एक मामला सामने आया है। रेल थाना की पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम को ऑपरेशन ए.एच.टी.यू के तहत 6 नाबालिग बच्चों को बचाया है।
मामले पर रेल थाना किशनगंज के एएसआई हरिओम प्रसाद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके नेतृत्व में टीम ने शाम 6 बजे के करीब किशनगंज रेलवे पोस्ट नंबर-2 पर संदिग्ध हालत में घूम रहे इन बच्चों को देखा। पूछताछ में पता चला कि ये सभी बच्चे बेंगलुरु में मजदूरी करने जा रहे थे।
रेल पुलिस को देखते ही बदमाश फरार
बचाए गए बच्चों में पूर्णिया के दो 15 साल, किशनगंज के 15 , अररिया के 15 और 16 साल व पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर से 17 साल का नाबालिग शामिल हैं। इन नाबालिग बच्चों को दलाल मजदूरी करने के नीयत से ले जाया जा रहा था। जहां रेल पुलिस को देखते ही मौके से वो फरार हो गए है।
आरपीएफ पोस्ट में सभी आवश्यक कार्रवाई और सत्यापन के बाद बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन किशनगंज के पर्यवेक्षक अब्दुल कयूम को सौंप दिया गया है और बच्चो से पूछताछ जारी है। साथ ही सभी बच्चे स्वस्थ हालत में हैं।
