गर्मी में खानपान पर दें विशेष ध्यान, चौक-चौराहों पर बासी मिठाई और खाद्य सामग्री बन सकती है जानलेवा।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

गर्मी का मौसम शुरू होते ही खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। तापमान में वृद्धि के कारण खाद्य पदार्थ जल्दी खराब होने लगते हैं, और यदि इन्हें सही तरीके से संग्रहित न किया जाए तो यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। खासकर बिरौल,कोठी पुल, कुशेश्वरस्थान,शिवनगर घाट,बेरी चौक,घनश्यामपुर, पाली,किरतपुर प्रखंड के चौक-चौराहों पर स्थित होटलों और ठेलों पर मिलने वाली मिठाइयाँ और अन्य खाद्य सामग्री, जो अक्सर फ्रीजर में कई दिनों तक रखी जाती हैं, लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर सकती हैं। गर्मी के मौसम में बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्मजीव तेजी से पनपते हैं। ऐसे में यदि बासी मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थों को खाया जाए तो फूड पॉइजनिंग, पेट दर्द, उल्टी, दस्त और गंभीर संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है। अक्सर देखा जाता है कि चौक-चौराहों पर स्थित होटल और मिठाई की दुकानें लागत कम करने के चक्कर में कई दिनों तक बनी हुई मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों को फ्रीजर में स्टोर करके रखते हैं। ग्राहकों को यह ताज़ा बताकर बेचा जाता है, जबकि वास्तव में यह स्वास्थ्य के लिए जहर के समान होता है। समाज सेवी अमर झा का कहना है कि गर्मी में ताजा और घर का बना भोजन ही सबसे सुरक्षित विकल्प है। यदि बाहर का खाना खाना भी पड़े तो यह ख्याल रखना आवश्यक है कि वह ताजा बना हो और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा गया हो। फ्रीजर में रखी हुई पुरानी मिठाइयाँ, जिनमें अक्सर रंग और बनावट में बदलाव आ जाता है, बिल्कुल भी नहीं खानी चाहिए। इसके अलावा, कटे हुए फल और खुले में रखे गए खाद्य पदार्थों से भी बचना चाहिए, क्योंकि इन पर मक्खियाँ और अन्य कीटाणु आसानी से बैठ जाते हैं। लेकिन बिरौल में स्वास्थ्य विभाग इस ओर ध्यान देने के बजाय कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस मामले को लेकर शिकायत करने पर ही कार्रवाई संभव है। स्वास्थ्य विभाग के एक चिकित्सक ने अपना नाम न छापने के सर्त पर बताया कि विभाग को चाहिए कि समय-समय पर चौक-चौराहों पर स्थित होटलों और खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों की जांच होनी चाहिए। यदि कोई भी विक्रेता बासी या अस्वच्छ खाद्य सामग्री बेचता पाया जाए, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही, लोगों को भी जागरूक होने की आवश्यकता है। वे अपनी सेहत के प्रति सजग रहें और बासी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों को खरीदने और खाने से बचें। चिकित्सक ने बताया कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। इसलिए, खानपान पर विशेष ध्यान दें और स्वस्थ रहें। ताजे फल, सब्जियां और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और बीमारियों से लड़ने की क्षमता बनी रहे।