कैमूर की नुआंव पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो सगे भाइयों को ढाई किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। हेरोइन की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के कुशी गांव के रहने वाले हैं। दोनों की पहचान रूपेश कुमार उर्फ रितेश कुमार और प्रमोद कुमार के रूप में हुई है।
मोहनिया के डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि नुआंव पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो वे जैतपुरा पंप कैनाल नहर के पास बेकाबू होकर गिर गए।
डिलिवरी के बदले मिलने वाले थे 5000 रुपए
पूछताछ में पता चला कि आरोपी बाइक की डिक्की में पांच पैकेट में हेरोइन छिपाकर ले जा रहे थे। दोनों भाई पहले भी कई बार हेरोइन की डिलिवरी कर चुके हैं। इस बार वे दिलदारनगर से भोजपुर जा रहे थे। डिलिवरी के बदले उन्हें 5000 रुपए मिलने वाले थे।
पुलिस ने आरोपियों से हेरोइन के अलावा बाइक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
