अररिया में धार में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना कोकरवा बस्ती वार्ड नंबर 29 स्थित मरिया धार की है। मृतक किशोरों की पहचान अताउल्लाह(12) और निसार आलम(13) के रूप में हुई है।
घटना शादी समारोह के दौरान हुई। दोपहर का भोजन करने के बाद कुछ बच्चे मरिया धार में नहाने गए। इसी दौरान अताउल्लाह और निसार गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय लोगों को जब घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक दोनों की जान जा चुकी थी।
वार्ड पार्षद ने मदद का दिया आश्वासन
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि तारीक अनवर और वार्ड संख्या 7 के पार्षद श्याम मंडल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने मरिया धार के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि धार के किनारे न तो कोई चेतावनी बोर्ड है और न ही सुरक्षा गार्ड तैनात हैं।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि घटना की सूचना पुलिस को दे रहे हैं। साथ ही, श्याम मंडल और तारीक अनवर ने पीड़ित परिवारों को जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
