भागलपुर जिले में बुधवार देर रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। लगातार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है। बारिश के साथ ठनका गिरने की घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी, जबकि भागलपुर शहर सहित कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार जिले में 36.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
बारिश के चलते आसमान में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तेज धूप और तपिश से लोगों को राहत मिली। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम होकर 28.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हवा में नमी की मात्रा 91 फीसदी और दोपहर में 73 फीसदी रही। पूर्वा हवा 8.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रही, जिससे मौसम और अधिक सुहाना हो गया।
ओले गिरने से फसलें प्रभावित, किसानों की बढ़ी चिंता
बारिश के साथ गिरे ओलों ने खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। इससे किसान चिंतित नजर आ रहे हैं। कई जगहों पर गेहूं, मक्का और सब्जियों की फसल को क्षति पहुंची है। बीएयू सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश और ठनका को ध्यान में रखते हुए फसल की कटाई और दौनी में सावधानी बरतें।
मौसम विभाग का अलर्ट, 20 अप्रैल तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 20 अप्रैल तक जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ठनका गिरने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
लगातार बारिश के कारण भागलपुर शहर की कई सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन की ओर से जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था न होने के कारण लोगों को असुविधा झेलनी पड़ी।
