किशनगंज में पिता को अपनी 19 वर्षीय बेटी से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना बहादुरगंज थाना क्षेत्र के सलामपुर गांगी की है। पीड़िता ने थाने में शुक्रवार की शाम शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि एक साल पहले उसकी शादी हुई थी। वह फिलहाल अपने मायके में रह रही थी।

गुरुवार की रात जब वह अपने कमरे में सो रही थी, तब उसके पिता ने कमरे में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने की कोशिश की। इसी दौरान पीड़िता की मां वहां पहुंच गई। मां-बेटी ने विरोध किया तो आरोपी पिता ने उन्हें धमकाया और मारपीट की कोशिश की। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता पहले भी कई बार ऐसी हरकतें कर चुके हैं।

आरोपी पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बहादुरगंज थाना अध्यक्ष निशीकांत कुमार ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने भी अपनी बेटी का साथ देते हुए पति के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग किया है।