अररिया के फारबिसगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ दायर ईडी की चार्जशीट का विरोध किया। फारबिसगंज स्टेशन परिसर से शुरू हुआ विरोध मार्च स्टेशन चौक पर सभा में बदल गया।

कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और ईडी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि सोची-समझी साजिश के तहत कांग्रेस नेताओं को फंसाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेशनल हेराल्ड कांग्रेस की पुरानी संस्था है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार इसे हड़पना चाहती है।

राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल

ईडी ने 9 अप्रैल 2025 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें सोनिया गांधी को आरोपी नंबर 1 और राहुल गांधी को आरोपी नंबर 2 बनाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर चार्जशीट वापस नहीं ली गई तो वे देशभर में सड़कों पर उतरेंगे।

कार्यकर्ताओं ने नारा लगाया कि “सड़क से संसद तक, हम इस झूठे केस का विरोध करेंगे।” प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल हुए। उन्होंने ईडी की कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ फारबिसगंज तक सीमित नहीं रहेगा। इसे पूरे देश में और तेज किया जाएगा।