भागलपुर के अमडंडा थाना क्षेत्र के खुरमानिया गांव में बीती रात तेज आंधी तूफान के दौरान ताड़ का पेड़ गिर जाने से झोपड़ी में सो रहे दादा-पोते में से दादा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पोता इस हादसे में बाल-बाल बच गया। मृतक की पहचान गांव के ही छत्तीस पासवान(56) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात तेज हवा और आंधी के बीच गांव में बिजली कड़कने के साथ बगल में खड़ा ताड़ का पेड़ कमजोर हो गया। इसी दौरान झोपड़ी नुमा मकान में छत्तीस पासवान अपने पोते के साथ सो रहे थे। तभी अचानक पेड़ का संतुलन बिगड़ा और वह झोपड़ी पर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से पासवान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पोता किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया।..

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता करने की मांग

हादसे के बाद जब तक परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया, तब तक छत्तीस ​​​​​​​पासवान दम तोड़ चुके थे। घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मायागंज स्थित नौलखा कोठी भेजा। ​​​​​​​पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक के परिजन रजनीश ने बताया कि बीती रात तेज आंधी में घर के बगल स्थित ताड़ के पेड़ पर बिजली गिर गई थी। इससे पेड़ कमजोर होकर असंतुलित हो गया और झोपड़ी पर आ गिरा। हादसे के समय दादा और पोता दोनों घर में सो रहे थे। पेड़ गिरते ही झोपड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।