अंचल प्रशासन ने पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
बिरौल (दरभंगा), बिरौल अंचल के लदहो पंचायत अंतर्गत कटैया मुसहरी में हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान वज्रपात से हुई दुखद मौत के बाद, अंचल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की विधवा पत्नी को आर्थिक सहायता प्रदान की है। बुधवार को हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जवाहर चौपाल नामक व्यक्ति की जान चली गई थी, जब वह खेत में काम कर रहे थे। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। शुक्रवार को,अंचल प्रशासन ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया। पंचायत के मुखिया कविता देवी के प्रतिनिधि दिलीप चौधरी की उपस्थिति में राजस्व कर्मचारी बंटी कुमार ने मृतक जवाहर चौपाल की विधवा पत्नी जगमाया देवी को यह सहायता राशि सौंपी।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि दिलीप चौधरी ने कहा कि पंचायत प्रशासन इस दुख की घड़ी में मृतक के परिवार के साथ है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है। उन्होंने यह भी कहा कि यह मुआवजा राशि पीड़ित परिवार को कुछ हद तक राहत प्रदान करेगी और उन्हें इस मुश्किल समय से उबरने में मदद करेगी।
राजस्व कर्मचारी बंटी कुमार ने बताया कि अंचल प्रशासन आपदा प्रबंधन नियमों के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को यह सहायता राशि प्रदान कर रहा है।

