दिल्ली स्थित लोकसभा सदन में पेश हो रहे वक्फ संशोधन बिल की कार्यवाही का गवाह कानपुर के बच्चे भी बनेंगे। कानपुर के बच्चों को लेकर दो बसें देर रात दिल्ली स्थित संसद भवन रवाना हो चुकी है। बच्चों का ये सपना कानपुर लोकसभा सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से संभव हो सका है। बीती 26 जनवरी को संसद सदस्य रमेश अवस्थी कानपुर के जवाहर नगर स्थित एक अंध विद्यालय में बतौर गेस्ट पहुंचे थे। इस दौरान वहां पढ़ने वाले बच्चों ने सांसद से संसद भवन घूमने की इच्छा जताई।

बच्चों की इच्छा सुनते ही सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि वो बच्चों की इच्छा जरूर पूरी करेगें। इस मौके पर बच्चों ने सांसद रमेश अवस्थी से वादा लिया। मंगलवार को सांसद रमेश अवस्थी ने बच्चों से किए वादे को पूरा करने और बच्चों की इच्छा के अनुरूप दिल्ली में सत्र के दौरान होने वाली कार्यवाही में बच्चों को हिस्सा लेने के लिए दो बसों से दिल्ली भेजा। उन्होंने अपने बेटे शुभम अवस्थी और सचिन अवस्थी के द्वारा बच्चों को दिल्ली भेजने की व्यवस्था कराई। शुभम अवस्थी और सचिन अवस्थी ने बसों को हरी झंडी दिखाते हुए बस को रवाना किया। शुभम अवस्थी ने बताया कि बस के अंदर खाने-पीने की सारी व्यवस्था कर दी गई है। अंध विद्यालय के बच्चे आंगतुक गैलरी में बैठकर संसद की कार्यवाही का हिस्सा बनेंगे।

दिल्ली जाने वाले बच्चों ने सांसद रमेश अवस्थी को धन्यवाद दिया और कहा कि हमें संसद में जाने का मौका मिला है और यह हमारे लिए एक अद्भुत अनुभव होगा। इस यात्रा के दौरान बच्चों को संसद की कार्यवाही के बारे में जानकारी दी जाएगी और उन्हें संसद के इतिहास और महत्व के बारे में बताया जाएगा।