बिरौल अनुमंडल मुख्यालय में रामनवमी जुलूस और चैती दुर्गा विसर्जन को लेकर पदाधिकारियों की हुई महत्वपूर्ण बैठक, एसडीओ ने रामनवमी जुलूस के आयोजन के दौरान ध्यान रखने योग्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल, (दरभंगा) अनुमंडल मुख्यालय के सभागार में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चन्द्र चौधरी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी रामनवमी जुलूस और चैती दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित विसर्जन को सुनिश्चित करना था। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र से आए हुए

जनप्रतिनिधियों,संबंधित विभागों के डंडा अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। एसडीओ उमेश कुमार भारती ने सभी उपस्थित लोगों को रामनवमी के जुलूस के आयोजन के दौरान ध्यान रखने योग्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जुलूस के मार्ग, समय और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हो और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जुलूस के मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।बैठक में चैती दुर्गा पूजा के विसर्जन की प्रक्रिया पर भी विस्तृत चर्चा हुई। विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों और समय-सारणी की जानकारी दी गई। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और अन्य अधिकारियों ने भी अपने-अपने सुझाव दिए, जिन पर एसडीओ और एसडीपीओ ने गंभीरता से विचार किया। दोनों अधिकारियों ने सभी से आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपील की ताकि रामनवमी जुलूस और चैती दुर्गा विसर्जन का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जूलुस के दौरान प्रशासन ने भगत सिंह स्मारक चौक, सब्जी मंडी,मदरसा रहमानिया रोड,मास्टर चौक,नईम अख्तर चौक, रामनगर चौक,मस्तान चौक, शैखपुरा मार्ग, पुराना थाना चौक, हाट गाछी सहित कई जगहों पर पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है। वहीं 112 पुलिस टीम लगातार गश्त कर रहे हैं। बैठक के बाद एसडीओ उमेश कुमार भारती और एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी के संयुक्त नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। ।