किशनगंज के लोहार पट्टी में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। युवक अमर कुमार बसाक रामनवमी के लिए झंडा लगा रहा था। इसी दौरान एक टोटो चालक वहां पहुंचा। अमर ने टोटो चालक से टोटो को थोड़ा आगे करने को कहा। इस बात पर नशे में धुत टोटो चालक और उसके साथी को गुस्सा आ गया।
दोनों ने अमर कुमार बसाक पर हमला कर दिया। हमले में अमर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर स्थानीय लोगो की भारी भीड़ जुट गई, और लोगों ने घायल को आनन फानन में सदर अस्पताल किशनगंज पहुंचाया गया है।
आसपास के लोगों की जुटी भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में आसपास के अन्य लोग भी जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। टाउन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घायल अमर कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नप प्रशासन के निर्देश अनुसार झंडा लगाया जा रहा था। जाम लग जाने के वजह से अमर कुमार ने टोटो चालक को आगे बढ़ने के लिए कहा, तभी टोटो चालक और उसके साथी ने मिलकर इसपर हमला कर दिया। थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली और मौके पर पुलिस बल पहुंचकर दोनों को पकड़कर कब्जे में रखा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
